हॉकी वर्ल्ड कप आज से शुरू, भारत-पाकिस्तान में ओपनिंग मुकाबला
February 27, 2010, 11:33 PM
ऐजेंसी / ब्लॉग
Post Your Review
नई दिल्ली। भारतीय सरजमीं पर दूसरी बार खेले जा रहे हॉकी विश्व कप का आज रोमांचक आगाज होगा। भारत-पाकिस्तान की टक्कर के अलावा अगले दो हफ्ते तक 12 टीमों के बीच मैदानी जंग देखने को मिलेगी। जिसमें मेजबान टीम के लिए खिताब के अलावा भी बहुत कुछ दांव पर लगा है।
मुंबई में 1982 के बाद पहली बार भारत में विश्व कप खेला जा रहा है। मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम पर 28 फरवरी से 13 मार्च तक होने वाले इस टूर्नामेंट में भारत को पूल-बी में रखा गया है जिसमें पाकिस्तान, दक्षिण अफ्रीका, स्पेन, इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया की टीमें भी हैं। पूल-ए में अर्जेंटीना, कनाडा, जर्मनी, कोरिया, हॉलैंड और न्यूजीलैंड हैं।
उद्घाटन मैच में विश्व कप 2006 की कांस्य पदक विजेता स्पेन का सामना विश्व रैंकिंग में 13वें स्थान पर काबिज दक्षिण अफ्रीका से होगा, जबकि दूसरे मैच में खिताब की प्रबल दावेदार दुनिया की नंबर दो टीम ऑस्ट्रेलिया की टक्कर इंग्लैंड से होगी। हॉकी प्रेमियों को हालांकि तीसरे मैच का इंतजार है जिसमें आठ बार की ओलंपिक चैंपियन भारतीय टीम का मुकाबला चार बार विश्व कप जीतने वाले पाकिस्तान से होगा।
कई विवादों के बाद हॉकी के इस महासमर में उतरी राजपाल सिंह की अगुवाई वाली मेजबान टीम इसे भारतीय हॉकी के पुनरोद्धार की प्रक्रिया में अहम कदम मान रही है। मुख्य कोच जोस ब्रासा ने सेमीफाइनल तक प्रवेश का प्रारंभिक लक्ष्य तय कर रखा है जबकि पाकिस्तान के कप्तान जीशान अशरफ का कहना है कि भारत से हार उन्हें किसी कीमत पर मंजूर नहीं।
भारतीय कप्तान राजपाल सिंह ने कहा कि अपेक्षाओं का बोझ हमारे लिए सकारात्मक होगा। हमारा पूरा ध्यान खेल पर है और तमाम विवादों को भुलाकर हम पोडियम फिनिश पर पूरा ध्यान लगाएंगे। विश्व कप से पहले हुए सारे विवादों को टीम भुला चुकी है।
विश्व कप की तैयारी के लिए समय कम मिलने की बात स्वीकार करते हुए कोच ब्रासा ने हालांकि कहा कि टीम अंतिम चार में पहुंचने का दम रखती है लेकिन इसके लिए पहला मैच सबसे अहम होगा। पाकिस्तान के खिलाफ पहला मैच सबसे महत्वपूर्ण होगा। खिलाड़ियों को जज्बात पर काबू रखते हुए खेलना होगा। हमारे पास बेहतरीन टीम है और तीन ड्रैग फ्लिकरों का होना ट्रंपकार्ड साबित होगा।
भारतीय टीम संदीप सिंह, दिवाकर राम और धनंजय महाडिक के रूप में तीन ड्रैग फ्लिकरों के साथ उतर रही है। फॉरवर्ड लाइन में तुषार खांडेकर, प्रभजोत सिंह, दीपक ठाकुर और शिवेंद्र सिंह मोर्चा संभालेंगे। शिवेंद्र ने जर्मनी के मोंशेंग्लाबाख में खेले गए पिछले विश्व कप में भारत के लिए सबसे ज्यादा गोल किए थे। हालांकि भारत 2006 में खेले गए उस टूर्नामेंट में 11वें स्थान पर रहा था।
दूसरी ओर क्वालीफाइंग टूर्नामेंट खेलकर विश्व कप में जगह बनाने वाली पाकिस्तानी टीम आत्मविश्वास से लबरेज लग रही है जिसने पिछले साल तीन मैचों में भारत को शिकस्त दी थी। उसके पास विश्व रिकॉर्डधारी पेनल्टी कॉर्नर विशेषज्ञ सोहेल अब्बास के अलावा आक्रामक स्ट्राइकर रेहान बट और प्रतिभाशाली फॉरवर्ड मोहम्मद जुबैर हैं। पाकिस्तानी कप्तान जीशान ने कहा कि हम भारत के खिलाफ किसी सूरत में नहीं हारना चाहते। पहले मैच में जीतकर हम पूरे तीन अंक बनाने के साथ मनोवैज्ञानिक बढत लेने उतरेंगे।
भारत और पाकिस्तान के बीच विश्व कप में चार मुकाबले हुए हैं जिसमें से दो भारत ने और दो पाकिस्तान ने जीते। भारत ने 1975 विश्व कप फाइनल में पाकिस्तान को 2-1 से हराकर एकमात्र खिताब जीता था। |