शिवेन्द्र सिंह पर 3 मैचों की पाबंदी, पाक का नापाक पैंतरा
March 1, 2010, 6:10 AM
हिंदी ख़बर संवाददाता
Post Your Review
नई दिल्ली। राजधानी में रविवार को मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में शुरू हुए हॉकी विश्व कप के पहले दिन पाकिस्तान को करारी शिकस्त देने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे स्टार फॉरवर्ड खिलाड़ी शिवेन्द्र सिंह पर तीन मैचों का प्रतिबंध लगा दिया गया है। पाकिस्तानी टीम के एक खिलाड़ी ने उसे जानबूझ कर धक्का मारने का आरोप लगाया था। शिवेन्द्र के प्रतिबंध के खिलाफ भारतीय टीम मैनेजमेंट खड़ा हो गया है और इस फैसले के खिलाफ अपील भी की है।
गौरतलब है कि रविवार को भारतीय टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ चार गोल दागे थे, जिसमें पहला गोल शिवेंद्र सिंह ने ही किया था। मैच में हार जाने के बाद पाकिस्तानी खिलाडि़यों ने आरोप लगाया था कि शिवेंद्र सिंह ने उनकी टीम के एक खिलाड़ी को जानबूझ कर धक्का मारा, जिससे खिलाड़ी को चोट लगी थी। पाकिस्तानी मैनेजमेंट ने शिवेन्द्र सिंह की लिखित शिकायत भी की थी। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए तीनों मैच रेफरी ने एक साथ बैठ कर वीडियो फुटेज देखा और शिवेंद्र सिंह को दोषी करार दिया। इस पूरी कार्रवाई के दौरान रैफरियों ने शिवेन्द्र सिंह से उनका पक्ष पूछना तक गवांरा नहीं समझा और उन्हे आगामी तीन मैचों के लिए निलंबित कर दिया।
वैसे, इस भारतीय हॉकी प्रेमियों को ये फैसला पच नहीं रहा है। इस तुगलकी फैसले के बाद हॉकी इंडिया से जुड़े एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि इस फैसले के खिलाफ विश्वकप टूर्नामेंट के निदेशक के पास अपील की जा चुकी है। शिवेंद्र सिंह का निलंबन टीम इंडिया के लिए काफी घातक साबित हो सकता है क्योंकि ये ऐसे वक्त हुआ है, जब मंगलवार को भारत को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पूल बी का एक अहम मैच खेलना है।
इसके पहले मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में खेले गए विश्व कप हॉकी के तीसरे मुकाबले में रविवार को भारत ने अपने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 4-1 से शिकस्त दे डाली। अपने पहले ही मैच में जीत दर्ज कर भारत ने विश्व कप में धमाकेदार शुरुआत की। संदीप सिंह को दो महत्वपूर्ण गोल करने के लिए मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया।
भारत ने दो गोल मध्यांतर से पहले और दो मध्यांतर के बाद किए। संदीप सिंह ने दो और प्रभजोत और शिवेंद्र ने एक-एक गोल दागे। इन चार गोलों के जवाब में आखिरी क्षणों में पाकिस्तान के सोहेल अब्बास ने एक गोल दागकर पाकिस्तान की लाज बचाई। भारतीय खिलाड़ी मध्यांतर से पहले भी हावी रहे और मध्यांतर के बाद भी उन्होंने पाकिस्तानी खिलाड़ियों पर दबाव बनाए रखा। नियमित अंतराल पर गोल दागकर भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तान को उबरने का मौका नहीं दिया। सेंटर फॉरवर्ड शिवेंद्र सिंह ने भारत के लिए पहला गोल किया। उन्होंने मध्यांतर से पहले पेनॉल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील किया। इसके बाद 35वें मिनट में ड्रैग फ्लिकर संदीप सिंह ने भारत के लिए दूसरा गोल दागकर 2-0 की बढ़त दिला दी। मध्यांतर के बाद प्रभजोत ने तीसरा गोल करके भारत को बेहद मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। इसके बाद संदीप सिंह अपना दूसरा और टीम का चौथा गोल करके भारत की जीत लगभग सुनिश्चित कर दी। उन्होंने पेनॉल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत को 4-0 की बढ़त दिलाई। आखिरी क्षणों में पाकिस्तान के सोहेल अब्बास ने एक गोल करके स्कोर को 4-1 कर दिया।
रविवार को ही खेले गए एक अन्य मुकाबले में इंग्लैंड ने बड़ा उलटफेर करते हुए विश्व कप प्रतियोगिता के प्रबल दावेदार ऑस्ट्रेलिया को 3-2 से मात दी। इससे पहले एक अन्य मुकाबले में स्पेन ने दक्षिण अफ्रीका को 4-2 से शिकस्त दी। |