देह के दलाल चित्रकूट बाबा पर लगेगा मकोका, दिल्ली पुलिस की कार्रवाई शुरू
March 2, 2010, 8:49 PM
हिंदी ख़बर
Post Your Review
नई दिल्ली। करोड़ों का सेक्स रैकेट चलाने के आरोप में गिरफ्तार चित्रकूट के इच्छाधारी बाबा पर मकोका लगाया जा सकता है। इस कानून के तहत वरिष्ठ अधिकारी के सामने आरोपी के इकबालिया बयान को सबूत के रूप में पेश किया जा सकता है। इस बीच, दिल्ली पुलिस बाबा को चित्रकूट ले गई है। वहां 20 एकड़ में फैले उसके आश्रम में काम करने वालों से पूछताछ की जाएगी। दिल्ली के खानपुर में मंदिर बनवाने वाले इच्छाधारी बाबा स्वामी भीमानंद महाराज उर्फ शिवमूरत उर्फ राजीव रंजन द्विवेदी (39) को पिछले हफ्ते छह महिलाओं के साथ वैश्यावृत्ति के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस का मानना है कि बाबा के संबंध नवंबर 2008 में गिरफ्तार सोनू पंजाबन व दो अन्य लोगों सहित सेक्स रैकेट चलाने वाले कई कुख्यात दलालों से थे। सोनू पंजाबन कॉलगर्ल के साथ लड़कियों की एस्कॉर्ट सर्विस चलाती थी। जानकारी के मुताबिक 1997 और 98 में जेल की हवा खाने के बाद इच्छाधारी बाबा ने लाजपतनगर में एक मसाज पार्लर खोला। जहां उसने लड़कियों की एस्कॉर्ट एजेंसी भी खोली।
दरअसल सोनू, एक अन्य दलाल कंवलजीत और इच्छाधारी संत पहले दोस्त हुआ करते थे। तीनों मिलकर सेक्स रैकेट चलाते थे। लेकिन बाद में पैसे व वर्चस्व को लेकर विवाद होने पर तीनों अलग हो गए। 2008 में पुलिस ने बाबा के गुर्गो की मदद से ही सोनू को पकड़ा था। हालांकि सोनू के मुताबिक जिस सेक्स रैकेट ने उसे फंसाया, वही अब बाबा को फंसा रहा है। पिछले हफ्ते गिरफ्तार हुए इच्छाधारी बाबा उर्फ स्वामी भीमानंद ने अपने सेक्स रैकेट से पिछले दस साल में 60 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति जुटाई है। इस दौरान सौ से अधिक लड़कियां उसके रैकेट का हिस्सा बनीं।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि बाबा ऐसी लड़कियों को फांसता था जो ज्यादा मेहनत किए बिना दौलत कमाना चाहती थी। वह अन्य एस्कार्ट एजेंसियों की तुलना में पैसा भी अधिक देता था। उसके लिए कई एयरहोस्टेस, एमबीए की छात्राएं और अभिनेत्री बनने की तमन्ना रखने वाली लड़कियां काम करती थीं। अधिकारी के मुताबिक, ‘हमें बाबा के दक्षिण दिल्ली के मंदिर में एक डायरी मिली है, जिसमें सौ से ज्यादा लड़कियों के नंबर है। उसने साठ करोड़ से अधिक की संपत्ति जुटाई है और जांच के बाद यह आंकड़ा बढ़ सकता है।’
बाबा की संपत्ति की जांच के लिए पुलिस दलों को पुणो, बेंगलुरू, वाराणसी और लखनऊ भी भेजा गया है। अक्टूबर 2009 में बाबा ने चित्रकूट में विराट भंडारा किया था, जिसमें तत्कालीन जिला मजिस्ट्रेट सहित कई सांसद व विधायक शामिल हुए थे। कई राजनेता बाबा के भक्तों में शामिल है। दिल्ली के उसके मंदिर में 14 कमरे, सीसीटीवी कैमरे और एक गुफा भी है। जांच से पता चला है कि दिल्ली की सीआर पार्क, आरके पुरम, भीखाजी कामा प्लेस और सफदरजंग एन्क्लेव जैसी पॉश कॉलोनियों में भी वह रैकेट चलाता है। उसके ग्राहकों में दिल्ली आने वाले धनी व्यवसायी व ज्वेलर होते थे, जो एक लाख रुपए प्रतिदिन जैसा ऊंचा भुगतान करने में सक्षम होते थे। |