प्रमोद महाजन के कातिल भाई प्रवीण की मौत, ब्रेन-हेमब्रेज से पीड़त थे
March 3, 2010, 11:59 PM
हिंदी ख़बर
Post Your Review
मुंबई। भारतीय जनता पार्टी, बीजेपी के कद्दावर नेता और अपने बड़े भाई प्रमोद महाजन की हत्या के आरोप में उम्रकैद की सजा पाए प्रवीण महाजन का 50 वर्ष की उम्र में ठाणे के एक अस्पताल में बुधवार की शाम निधन हो गया। वह पिछले तीन महीनों से कोमा में था। पारिवारिक सूत्रों ने कहा है कि प्रवीण महाजन को लगभग तीन महीने पहले ब्रेन हेमरेज के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह उसी समय से कोमा में था।
एक पारिवारिक सहयोगी ने कहा कि उसे जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया था। वह जीवन और मौत के बीच संघर्ष कर रहे था। लेकिन वह इस संघर्ष में पराजित हुआ और ज्यूपिटर अस्पताल में उसका निधन हो गया। अस्पताल प्रशासन की ओर से इस पूरे घटनाक्रम पर बुधवार तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
गौरतलब है कि एक नाटकीय घटनाक्रम के तहत प्रवीण महाजन ने अपने बड़े भाई प्रमोद महाजन पर 22 अप्रैल, 2006 को उनके मुंबई स्थित आवास पर गोलियां बरसाई थी। घटना के 11 दिनों बाद तीन मई को महाजन की मौत हो गई थी। इस वारदात को अंजाम देने के थोड़ी ही देर बाद प्रवीण ने वर्ली पुलिस थाने में जाकर समर्पण कर दिया था।
एक सत्र न्यायालय ने हत्या के आरोप में प्रवीण महाजन को 18 दिसंबर, 2007 को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। वह नासिक केंद्रीय कारागार में कैद था। स्वास्थ्य कारणों से वह पैरोल पर जेल से बाहर आया था। उसी दौरान उसे ब्रेन हेमरेज हुआ और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। प्रवीण को 27 नवंबर, 2009 को 14 दिनों के लिए रिहा किया गया था। उसे 12 दिसंबर को वापस जेल जाना था। लेकिन 11 दिसंबर की रात लगभग 10.30 बजे सिर में तेज दर्द के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया। बाद में पता चला कि उसे गंभीर मस्तिष्काघात हुआ है।
लगभग 80 दिनों तक जीवन और मौत के बीच संघर्ष करते हुए प्रवीण ने बुधवार की शाम लगभग पांच बजे अंतिम सांस ली। प्रवीण की पत्नी सारंगी, जुड़वा बेटे-बेटी और अन्य रिश्तेदार बुधवार को अस्पताल में मौजूद थे। लेकिन प्रमोद महाजन या फिर गोपीनाथ मुंडे के परिवार से जुड़ा कोई भी सदस्य वहां नहीं आया था। |