कम नहीं होंगी पेट्रोल-डीज़ल की कीमतें, सोनिया गांधी ने विपक्ष पर साधा निशाना
March 4, 2010, 12:30 AM
हिंदी ख़बर
Post Your Review
नई दिल्ली। पेट्रोल-डीजल की बढ़ी हुई कीमतों का कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भी समर्थन कर दिया है। जबकि माना यह जा रहा था कि सोनिया कुछ राहत दे सकती हैं। बजट के बाद पहली बार अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की बैठक में कांग्रेस अध्यक्षा ने वितमंत्री प्रणब मुखर्जी का समर्थन करते हुए बढ़ी हुई कीमतों को सही ठहराया।
सोनिया गांधी से पहले प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने भी पेट्रोलियम पदार्थो की बढ़ी हुई कीमतों का समर्थन कर चुके हैं। मनमोहन सिंह ने कहा था कि बढ़ी हुई कीमतों से लोगों को थोड़ी दिक्कत तो होगी लेकिन इसका दूरगामी असर सकारात्मक रहेगा। कल वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी ने भी कांग्रेस सांसदों व यूपीए के सहयोगी दलों के नेताओं से अलग-अलग बैठक कर उन्हें पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाने का कारण समझा चुके हैं। प्रणब दा ने कहा कि यह फैसला ८.५ फीसदी विकास दर हासिल करने के लिहाज से जरूरी था। इसलिए सबको सरकार का साथ देना चाहिए।
दूसरी ओर, बीजेपी आम बजट के तमाम बिंदुओं पर संसद में कटौती प्रस्ताव पेश करने की तैयारी कर रही है। कटौती प्रस्ताव के तहत संसद में मतदान होता है। सरकार इसमें हारती है तो उसे बजटीय प्रावधानों में बदलाव करना पड़ सकता है। भाजपा ने कहा है कि वह लोकसभा और राज्यसभा दोनों ही सदनों में कटौती प्रस्ताव पेश करेगी। पार्टी के अनुसार, बजट को लेकर सरकार को घेरने के लिए वह विपक्षी दलों की साझा रणनीति के पक्ष में है। |