हॉकी वर्ल्ड कप में स्पेन से हारा भारत, सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें खत्म
March 4, 2010, 2:45 PM
हिंदी ख़बर
Post Your Review
नई दिल्ली। हॉकी के वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए टीम इंडिया को ये मैच हर हाल में जीतना था। मैदान में उतरने के साथ ही 'मेन इन ब्लू' आक्रामक नजर आए। टीम इंडिया स्पेन के खिलाड़ियों की डिफेंस लाइन को भेदने में कामयाब तो हुई लेकिन उसे गोल में नहीं बदल पाई। इसके बाद जो काम टीम इंडिया नहीं कर पाई वो स्पेनिश टीम ने कर दिखाया। उन्होने ना सिर्फ हमारे डिफेंस को तार-तार कर डाला बल्कि चढ़कर हॉकी खेली और 5 गोल ठोंक डाले। इस हार के साथ ही टीम इंडिया की सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें करीब-करीब खत्म हो चुकी हैं।
मैच के 19वें मिनट में स्पेनिश खिलाड़ी एलबर्ट साला ने अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। स्पेन को पहले हॉफ में तीन पेनल्टी कॉर्नर मिले लेकिन किस्मत और श्रीजेश के चौकन्नापन ने टीम को बचा लिया। इस दौरान भारत को भी एक पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन पहले मैच के हीरो संदीप सिंह उसे गोल में तब्दील नहीं कर पाए। पहला हॉफ खत्म होने में बस कुछ ही सेकेंड बचे थे कि स्पेन के पोल अमात ने अपनी टीम की बढ़त को 2-0 कर दिया।
दूसरे हॉफ में अभी कुछ ही मिनट का खेल हुआ था कि तभी टीम इंडिया को पेनल्टी कॉर्नर मिला। इस बार संदीप सिंह ने कोई चूक नहीं कि और टीम इंडिया का पहला गोल किया। कुछ ही मिनट बाद स्पेन के पॉल कोमेदा ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलते हुए टीम इंडिया को 1-3 से पीछे धकेल दिया। इसके थोड़ी देर बाद रेमन एलेग्रा ने एक गोल ठोंका और मेज़बान टीम इंडिया को 1 के मुकाबले 4 गोलों से पछाड़ दिया।
हर गोल के साथ टीम इंडिया पर दबाव बढ़ता जा रहा था तभी चंडी ने मैच के 43वें मिनट में भारत के लिए दूसरा गोल कर स्कोर 4-2 कर दिया। मैच खत्म होने में बस कुछ ही मिनट बाकी बचे थे कि 67वें मिनट में स्पेनिश टीम के स्ट्राइकर कमादा ने एक और गोल दाग दिया। इस मैच में कमादा का ये दूसरा गोल जबकि स्पेन का पांचवा गोल था।
हर बीतते पल के साथ भारत हार की ओर खिसकता जा रहा था। अंत में वही हुआ जिसका डर था। भारत पर स्पेनिश टीम भारी पड़ ही गई। पूल-बी में अब भारतीय टीम चौथे नंबर पर फिसल चुकी है और सेमीफाइनल में पहुंचने की उसकी उम्मीदों ने लगभग दम तोड़ दिया है। इसके पहले टीम इंडिया को ऑस्ट्रेलिया ने भी 5-2 के स्कोर से शिकस्त दी थी जबकि अपने पहले मैच में भारत ने पाकिस्तान को 4-1 से हराया था।
बुधवार को ही खेले गए पूल-बी के दूसरे मैच में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 2 के मुकाबले 5 गोल से पीट दिया। इंग्लैंड ने पहले हाफ में 2 गोल किए, जबकि पाकिस्तान एक भी गोल नहीं कर पाया। दूसरे हाफ में पाकिस्तान ने ये दोनों गोल उतारे, लेकिन उसके बाद इंग्लैंड ने 3 गोल और ठोंक दिए।
इसके पहले बुधवार को खेले गए पूल-बी के पहले मैच में ऑस्ट्रेलिया ने साउथ अफ्रीका को 12-0 के स्कोर से जमीदोज़ कर दिया। ऑस्ट्रेलिया ने मैच के दौरान 12 गोल किए, जबकि साउथ अफ्रीका एक भी गोल नहीं सकी। इस मैच के हीरो रहे डोनियर जिन्होंने 4 गोल ठोके। इसके अलावा जिमी डायर ने 3 गोल किए। ग्लेन टर्नर ने 2 गोल किए। डेसमंड, फर्ग्युसन क्वॉनग्वा और मैथ्यू बटोर्नी ने भी एक-एक गोल किया।
ऑस्ट्रेलिया ने मैच शुरू होते ही साउथ अफ्रीका पर ऐसा हमला बोला कि उसे उबरने का मौका ही नहीं मिला। ताबड़तोड़ हमलों के बीच ऑस्ट्रेलिया लगातार गोल करती रही। पहले हाफ में 5 गोल हो चुके थे। दूसरे हाफ में भी साउथ अफ्रीका को कोई राहत नहीं मिली। इस हाफ में 7 गोल हुए और साउथ अफ्रीका को 12-0 से शर्मनाक हार झेलनी पड़ी। |